पुलिस की गिरफ्त में आढ़ती से लूट के आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
आढ़ती से 15 फरवरी को रुपये से भरा थैला बाइक सवार दो बदमाश छीनकर भाग गए थे। बुधवार सुबह आढ़ती कहीं जा रहा था। इसी दौरान चौराहे पर उसने लुटेरों को पहचान लिया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों लुटेरों को धर दबोचा और उनके पास से नगदी व बैंक की जमा रसीदें भी बरामद की।
गल्ला आढ़ती केशव कुमार यादव निवासी भरथना रोड बिधूना स्थित स्टेट बैंक की शाखा से तीन लाख रुपये निकाल कर घर आ रहा था। जैसे ही अल्छदा रोड डाकघर के सामने उसने फोन पर बात करने के लिए अपनी बाइक रोकी। इसी दौरान आए बाइक सवार दो लुटेरे उसका बैग छीन कर भाग गए। मौके पर बाइक सवारों को भागते हुए लोगों ने देखा तो बाइक का नंबर नोट कर लिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने 21 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज की थी। पीड़ित आड़ती ने डाकखाने में लगे सीसी कैमरे फुटेज में घटना को अंजाम देने वाले लुटरों को पहचान लिया था। बुधवार को भगत सिंह चौराहे पर वहीं दोनों बदमाश नीली अपाचे बाइक से पहुंचे और खड़े हो गए।
आढ़ती की नजर उन पर पड़ी तो उसने मोबाइल में मौजूद फुटेज से पहचान की और चुपचाप पुलिस को सूचना दे दी। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह सिरोही फोर्स के साथ भगत सिंह चौराहे पर पहुंचे और दोनों को दबोच लिया। कोतवाली में पूछताछ की तो उन्होंने लूट की बात स्वीकार कर ली। पकड़े गए आरोेपियों ने अपने नाम रजनीश पुत्र सहदेव निवासी प्रतापपुरा थाना अजीतमल, औरैया व धर्मेंद्र पुत्र रामगोपाल निवासी हरचंदपुर थाना दिबियापुर बताया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि बदमाशों से 27 हजार रुपये नगद व पीएनबी बैंक शाखा मुरादगंज में जमा किये गये 49 हजार रुपये की जमा पर्ची भी बरामद हुई है।