दामाद की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या के मामले में शुक्रवार को मृतक की पत्नी ने उसके भाइयों पर मारपीट का आरोप लगाया। उसने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। वहीं पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि मृतक के भाई ने चार ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। कोतवाल का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
गुरुवार को खानपुर गांव में ससुराल में मुनीम अली पुत्र विलायत अली की हत्या उसके ससुर उम्मेद अली ने कुल्हाड़ी मारकर कर दी थी। घटना के आरोपी उम्मेद अली ने गिरफ्तार कर लिया था। देरशाम कोतवाली पहुंचे मुनीम अली के भाई अजमेर अली ने मृतक की पत्नी, ससुर समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज किया। कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि पकड़े गये हत्यारोपी उम्मेद अली को जेल भेज दिया गया है।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। बताया कि इस घटना के संबंध में आस-पास मकानों में रहने वालों के साथ ही दोनों पक्षों के लोगों के भी पूछताछ की जा रही है।
वहीं शुक्रवार की दोपहर कोतवाली प्रभारी को मृतक की पत्नी नूरबानो ने बताया कि उस पर हत्या का आरोप लगाते हुये उसके पति के भाई व अन्य ससुरालियों ने उसे पीटा। इससे वह घायल हुई। मारपीट कर रहे ससुरालियों से गांव के लोगों ने उसे बचाया।
भाई का आरोप रुपये के लालच में की हत्या
मृतक मुनीम अली के भाई अजमेर अली ने बताया कि उसके भाई ने इटावा स्थित मकान को बेच दिया था। उन रुपयों को ससुराली हड़पना चाहते थे। रुपयों के लालच में मृतक की पत्नी व ससुर ने अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की। पुलिस ने ससुर उम्मेद अली पुत्र बजीर अली, पत्नी नूरबानो, बसीर अहमद व साढ़ू लल्लन खिलाफ मामला दर्ज किया है।