पुलिस की गिरफ्त में झांसी से फरार चल रहा गंगाप्रसाद।
- फोटो : amar ujala
झांसी कचहरी से पुलिस को चकमा देकर भागे 15 हजार के इनामी डकैत को कानपुर की एसटीएफ टीम ने मुठभेड़ में भगवतीगंज स्थित परमहंस बगिया से दबोच लिया। बदमाश ने एसटीएफ पर फायर भी झोका। डकैत के खिलाफ अपहरण एवं हत्या के मुकदमे दर्ज हैं। गुरुवार को देर शाम एसटीएफ को सूचना मिली कि झांसी कोर्ट से पुलिस कस्टडी से फरार इनामी डकैत जालौन, रमपुरा के नीनावली गांव निवासी गंगाप्रसाद पुत्र माखन दोहरे दिबियापुर में किसी को लेने के लिए बाइक से आ रहा है।
इस पर दिबियापुर के भगवतीगंज स्थित परमहंस बगिया में एसटीएफ कानपुर के निरीक्षक सुशील कुमार सिंह ने एसआई रजत कुमार सिंह, एसआई राकेश कुमार सिंह, रामदयाल पांडेय, देवेश द्विवेदी, कमांडो संजीव कुमार, शिव कुमार के साथ घेराबंदी की। कुछ देर बाद एक युवक परमहंस बगिया में आकर रुका। एसटीएफ टीम ने जैसे ही युवक को दबोचने की कोशिश की उसने तमंचे से फायर झोक दिया। टीम के लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। इसके बाद एसटीएफ टीम ने उसे दबोच लिया।
गंगाप्रसाद के पास से एसटीएफ टीम को तमंचा, दो जिंदा कारतूस मिले। गंगाप्रसाद बाइक के कागजात भी नहीं दिखा सका। दिबियापुर थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने बताया कि पकड़ा गया गंगाप्रसाद वर्ष 2016 में झांसी कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर भाग निकला था। आईजी कानपुर ने गयाप्रसाद पर 15 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। आरोपी पर अपहरण एवं हत्या जैसे संगीन मामले दर्ज हैं। वह अपहरण के एक मामले में जेल काट रहा था।