सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हाईवे से हटने वाले शराब ठेके अभी भी दूसरे स्थानों पर नहीं खुल सके। ठेका संचालक चोरी छिपे शराब की बिक्री पुरानी शराब की दुकानों के आसपास कर रहे हैं। नए स्थानों पर दुकानें खोलने का विरोध जारी है। विभाग ने 42 दुकानों के लाइसेंस जारी कर दिए हैं।
एक अप्रैल को राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित शराब की सभी दुकानें आबकारी अधिकारियों ने सीज कर दी थीं। कोर्ट के आदेश के तहत यह दुकान हाईवे से 500 मीटर दूर संचालित करने के आदेश थे। ठेका संचालकों ने इस नियम का पालन कर जगह चिन्हित की।
संचालकों के शराब ठेका का बोर्ड लगाते ही आसपास के लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। इससे आज भी शराब की दुकानें नहीं खुल सकीं। ठेका संचालकों को विभाग ने लाइसेंस जारी कर दिया है।
ठेका संचालक अपने नुकसान की भरपाई करने के लिए शराब की बिक्री पुराने ठेका से चोरी छिपे कर रहे हैं। नई दुकानों पर ताले पड़े हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो अभी तक 15 दुकानें ही संचालित हो सकी हैं। अन्य दुकानें विरोध के चलते नहीं खुली हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं एक दुकान पर दो तो कहीं एक दुकान में एक साथ तीन ठेके संचालित किए जा रहे हैं।