कोतवाली क्षेत्र के गांव जैतपुर में प्रधान पद के दावेदार पर फायरिंग के मामले में जिला पंचायत अध्यक्ष समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने प्रधान संघ अध्यक्ष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर पीड़ित ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले को लेकर कोतवाली में दिनभर सिफारिशों का दौर चलता रहा।
गांव जैतपुर निवासी शीलू यादव पुत्र योगेंद्र यादव ने कोतवाली रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि रविवार शाम वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास खड़ा था। गांव में जिला पंचायत अध्यक्ष मो. इरशाद पौधरोपण करने आए थे। तभी ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने उससे गाली-गलौज की।
उसने विरोध किया तो प्रधान संघ अध्यक्ष जितेंद्र यादव ने मारपीट शुरू कर दी। शीलू यादव ने आरोप लगाया कि मामला बढ़ते देख जिला पंचायत अध्यक्ष मो. इरशाद, प्रधान संघ अध्यक्ष जितेंद्र यादव, पप्पू नेता व बृजेंद्र यादव ने कई राउंड फायरिंग की। फायरिंग होते ही ग्रामीण जमा हो गए और वह बच कर निकल गया।
पुलिस ने जिला पंचायत अध्यक्ष मो. इरशाद, पप्पू नेता, जितेंद्र यादव व बृजेंद्र यादव के खिलाफ धारा 504, 506, 147 व 307 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी प्रधान संघ अध्यक्ष जितेंद्र यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज होने पर कोतवाली में तमाम सपा नेताओं का जमावड़ा लगा रहा।
पप्पू का अपराधों से पुराना नाता
औरैया। जिला पंचायत अध्यक्ष मो. इरशाद का करीबी कहा जाने वाला आरोपी पप्पू नेता पर यह कोई पहला मुकदमा नहीं है। इसके पहले से पप्पू नेता पर कई मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। सत्ता पक्ष की हनक दिखा आरोपी कस्बे में आतंक फैलाए है। जिला पंचायत अध्यक्ष का करीबी होने के कारण थाने व कोतवाली के सभी मामले पप्पू नेता ही देखता है। लेकिन रविवार को उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज होने पर उसकी कमान दूसरे व्यक्ति को सौंपी गई है। घटना के बाद सपा के कई कार्यकर्ता दो गुटों में बटे दिखाई दे रहे हैं। इससे सपा में अंतर्कलह होना स्पष्ट कर दिया है।
जैतपुर गोलीकांड मामले में पीड़ित शीलू यादव की तहरीर पर जिला पंचायत अध्यक्ष समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
विपुल कुमार श्रीवास्तव, एएसपी