पूर्व ब्लाक प्रमुख पति के खिलाफ पहले से ही कई संगीन मामलों में रिपोर्ट दर्ज है। रविवार देर रात अजीतमल कोतवाली में तोड़फोड़ और सरकारी कागज नष्ट करने में पुलिस ने पूर्व ब्लाक प्रमुख पति को गिरफ्तार किया है।
लोकसभा चुनाव के दौरान पुलिस ने देवेंद्र यादव के खिलाफ बूथ कैप्चरिंग के मामले में रिपोर्ट दर्ज की थी। जबकि अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद देवेंद्र यादव और प्रतिद्वंद्वी गुड्डू यादव के बीच फायरिंग हुई थी। इसके अलावा देवेंद्र यादव के खिलाफ बीडीसी को उठाने के चक्कर में फायरिंग किए जाने का भी मामला दर्ज है।
साल 2014 में उक्त आरोपी ने हाइवे रोड स्थित टोल प्लाजा के कर्मचारी को पीटा और फायरिंग कर दहशत फलाई थी। पहले से देवेंद्र यादव के खिलाफ कोतवाली अजीतमल में पांच अन्य मामले दर्ज हैं। रविवार देर रात कोतवाली अजीतमल में सपा नेता/पूर्व ब्लाक प्रमुख पति देवेंद्र यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर हंगामा किया। मामले में पुलिस ने देवेंद्र यादव समेत 10 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
कड़ी सुरक्षा में कचहरी लाए गए आरोपी
औरैया। अजीतमल विकासखंड के पूर्व ब्लाक प्रमुख पति देवेंद्र यादव समेत 10 आरोपियों को पुलिस ने रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों को औरैया कोतवाली में रखा था। देर शाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपियों को जेल भेजा गया है।
पूर्व ब्लाक प्रमुख पति को भेजा कोतवाली
औरैया। अजीतमल कोतवाली में पूर्व ब्लाक प्रमुख पति समेत अन्य सपाइयों की ओर से की गई तोड़फोड़ में पुलिस ने पूर्व ब्लाक प्रमुख पति समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तीन मुख्य आरोपियों को औरैया सदर कोतवाली भेज दिया। जिससे स्थिति बिगड़ न सके। एसपी के निर्देश पर यहां देर शाम तक पीएसी बल के साथ अन्य थानों का पुलिस फोर्स मौजूद रहा। कोतवाली में एएसपी ने आरोपी पूर्व ब्लाक प्रमुख पति देवेंद्र के अलावा अन्य आरोपियों के पूछताछ की। सोमवार सुबह ही एसपी ने सदर कोतवाली में पीएसी बल तैनात कर दिया।
चलता रहा सिफारिशों का दौर
औरैया। पूर्व ब्लाक प्रमुख पति देवेंद्र यादव के सदर कोतवाली में होने की सूचना जैसे ही सत्ता पक्ष के नेताओं को लगी तो उन्होंने आईजी से लेकर एसपी तक सिफारिश की। लेकिन पुलिस ने अपनी कार्रवाई जारी रखी। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो रविवार देर रात जब अजीतमल कोतवाली में सपाई उत्पात मचा रहे थे उस दौरान फायरिंग भी की गई थी।