घटना की जानकारी देती मृतक की मां राजरानी व भाई अनिल।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के कखावतू गांव में चोरी का आरोप लगाए जाने से क्षुब्ध युवक ने आम के पेड़ से लटककर जान दे दी। परिजनाें ने गांव के ही दो लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कखावतू निवासी वीरेंद्र सिंह के 19 वर्षीय पुत्र दीपू ने शुक्रवार की रात घर से दो सौ मीटर दूरी पर खेत में खड़े आम के पेड़ से अंगौछा का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मृतक की मां राजरानी पत्नी वीरेंद्र सिंह नेे बताया कि एक माह पहले गांव का ही दिलशाद पुत्र नसीबुद्दीन दीपू को चुपचाप अपने साथ जयपुर में चाट का काम करवाने ले गया था। वहां बुखार आने के कारण बुधवार को दीपू गांव आ गया।
दिलशाद भी गुरुवार को गांव लौट आया। शुक्रवार को दिलशाद अपने चाचा जक्खन के साथ उसके घर आया। उसने दीपू पर जयपुर में हाथ ठेलियां बेचने व नगद रुपये चोरी करने का आरोप लगाया। दीपू ने इस आरोप को झूठा बताया। इसके बाद भी दोनोंदरवाजे पर बंधी भैंस खोल ले गए। ग्रामीणों के बीच में पड़ने पर वार्ता के बाद मामला सुलझ गया। इससे दीपू को गहरा सदमा लगा।
राजरानी ने बताया कि शुक्रवार की रात को सभी लोग सो रहे थे। दीपू रात लगभग 10 बजे शौच क्रिया की बात कहते हुए खेत पर चला गया। दीपू पौन घंटे तक नहीं लौटा तो उसकी चिंता होने लगी। रात में ही गांव के लोगों को जानकारी दी। सभी ने उसकी तलाश शुरू की। घर के सामने खेत में आम के पेड़ से उसका शव झूलता दिखाई दिया। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतारा। राजरानी ने गांव के दिलशाद व जक्खन पर पुत्र की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बडे़ भाई अनिल ने दिलशाद व जक्खन पर हत्या की आशंका जताते हुए एसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई है।