किशोरी से छेड़छाड़ व लूट के आरोपियों को पुलिस ने धारा 151 में चालान कर जेल भेजा है। इससे पुलिस की इस कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस की कार्यशैली नहीं बदल रही है। इसकी बानगी फफूंद थाना क्षेत्र में नाबालिग से छेड़छाड़ व लूट के मामले में सामने आई है। पीड़िता की ओर से पुलिस को शिकायती पत्र दिए जाने के बाद पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोपी का धारा151 में चालान कर दिया।
तीन दिन पहले स्कूल से लौट रही कक्षा नौ की छात्रा से सुनसान रास्ते में तीन दबंगों ने बाइक रोड के बीचो बीच लगाकर छेड़खानी की थी। शोर मचाने पर मारपीट करते हुए साइकिल व कुंडल लूट लिए। छात्रा और उसके परिजनों ने फफूंद थाने में प्रार्थना पत्र भी दिया था। पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा। दूसरे दिन थाने आने की बात कहकर टरका दिया। रात में आरोपियों ने पीड़ित के घर पहुंच कर समझौते का दबाव बनाना शुरू कर दिया।
इतने में किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पीड़ित के घर से पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। सुबह पीड़ित छात्रा अपने मां बाप के साथ थाने पहुंची तो उस पर दबाव बनाकर समझौता करा दिया गया। वहीं पुलिस ने छेड़खानी के एवज में नई साइकिल व कुंडल के पैसे दिलवा दिए। मीडिया ने जब इस मामले को उठाया तो पुलिस ने सोमवार को आरोपी मोहित पुत्र राम प्रकाश व अजय कुमार पुत्र राम नरेश निवासी ग्राम ग्राम तुर्कीपुर थाना फफूंद का 151 में चालान कर दिया।