कोतवाली में मौजूद मृतक मजदूर के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ओमनगर में सोमवार की शाम निर्माणाधीन मकान की बीम गिरने से हुई मजदूर की मौत के मामले में परिजन मंगलवार को कोतवाली पहुंचे। मामला दर्ज कराने की मांग को लेकर यह प्रदर्शन करने लगे। यह मुआवजा दिए जाने की भी मांग कर रहे थे। बाद में कुछ लोगों ने बीच में पड़कर कोतवाली के बाहर आपस में समझौता करा दिया। वहीं पुलिस ने सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए सौ शैय्या जिला अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में सदर कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि इस मामले की परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
ओमनगर मोहल्ले में एक मकान के निर्माण के दौरान सोमवार की शाम लगभग छह बजे बीम नीचे गिर गया। इसकी चपेट में आने से मजदूर अनिल (30) की मौत हो गई थी। ठेकेदार मृतक मजदूर के शव को पोस्टमार्टम के लिए सौ शैय्या युक्त अस्पताल में पहुंचाकर नदारद हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। परिजनों के हंगामे की खबर पर कोतवाली पुलिस ने उन्हें समझाने का काफी प्रयास किया। यह ठेकेदार व निर्माणाधीन मकान के मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग पर अड़े रहे। मजदूर की मौत के मामले में पुलिस को किसी के भी हाथ न होने की जानकारी थी । ऐसे में उन्होंने परिजनों को समझा बुझाकर निर्णय लेने की अपील की।
बात न बनती देख सुबह मृतक के परिजन भारी संख्या में सदर कोतवाली पहुंच गए। इन्हाेंने यहां हंगामा शुरू कर दिया। बाद में कुछ लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया। पीड़ित पक्ष की ओर से किसी के खिलाफ तहरीर न दिए जाने से कोतवाली पुलिस ने भी कोई लिखा पढ़ी नहीं की। कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर न दिए जाने व किसी के ऊपर भी हत्या का शक न जताने के कारण मामला दर्ज नहीं किया गया। हालांकि पुलिस को मजदूर की मौत की सूचना मिली थी। इस लिहाज से शव को पोस्टमार्टम के लिए सौ शैय्या जिला अस्पताल भेज दिया गया ।