कैसरगंज के रेवलिया गांव में बारात के लिए रखा दहेज का सामान।
- फोटो : अमर उजाला
दहेज में एक लाख रुपये और बाइक की मांग पूरी न होने पर पति ने पत्नी को पीटकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मायके आकर आपबीती बताई। पीड़ित ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अछल्दा इलाकेे के नेबिलगंज में रहने वाली रानी देवी पुत्री मथुरा प्रसाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका विवाह एरवाकटरा क्षेत्र के गांव उजेला निवासी रणवीर सिंह के साथ हुआ था। पिता ने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था। शादी के बाद से ही पति ने दहेज में एक लाख रुपये व बाइक की मांग शुरू कर दी।
दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर प्रताड़ित किया जाने लगा। पति एक लाख रुपये व बाइक लाने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। पिछले दिनों अतिरिक्त दहेज न लाने पर मारपीट कर घर से निकाल दिया। साथ ही धमकी दी कि बिना दहेज लिए घर नहीं आना। पुलिस ने रानी देवी की तहरीर पर पति रणवीर सिंह के खिलाफ दहेज एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।