बेला थाना क्षेत्र के गांव सहमऊ में बुधवार शाम जहरीला पदार्थ खाने से हाईस्कूल की छात्रा की मौत हो गई। मृतका के पिता का आरोप है कि गांव का एक युवक उसकी बेटी से छेड़खानी करता था। शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इससे क्षुब्ध होकर उसने जान दे दी। छात्रा की मौत के बाद आरोपी युवक का परिवार घर में ताला लगाकर गांव से चला गया है। दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक से छात्रा के प्रेम प्रसंग की बात सामने आई है।
बेला थाना क्षेत्र के सहमऊ निवासी आरती (15) पुत्री सुखवीर कन्या इंटर कालेज याकूबपुर में हाईस्कूल की छात्रा थी। बुधवार की शाम वह शौच क्रिया के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजन उसे खोजते हुए खेत में गए तो वह बेहोश मिली। परिजन उसे घर लाए तो उसके मुंह से झाग निकलने लगा। परिजन उसे सहार सीएचसी में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
छात्रा की मौत के बाद उसके पिता सुखवीर ने गांव के ही एक युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया। कहा कि दस दिन पहले याकूबपुर चौकी पुलिस से शिकायत की थी। कार्रवाई नहीं होनेसे क्षुब्ध होकर छात्रा ने जान दी है। इस बीच आरोपी युवक के परिजन घर में ताला बंद कर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है। एसपी रामकिशोर का का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। याकूबपुर चौकी पुलिस की लापरवाही सामने आई तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। जांच पड़ताल में आरोपी युवक से छात्रा के प्रेम संबंध की भी बात सामने आ रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है।