कोतवाली क्षेत्र के तहत दो अलग-अलग मामलों ने युवतियों ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और ढाई लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। दोनों मामलों में पुलिस की ओर से कार्रवाई न होने पर युवतियों ने कोर्ट की शरण की। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।
केस-एक
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और ढाई लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़ित युवती ने बताया कि इकदिल इटावा निवासी विनय कुमार पुत्र अशोक ने शादी का झांसा देकर उससे संबंध बनाए। इसके बाद अपने पिता अशोक व मां कमला देवी से मिलवाकर शादी के नाम पर ढाई लाख रुपये उधार मांगे। कुछ दिनों बाद रुपये मांगने पर वह ना नुकुर करने लगा। जब उसने शादी की बात कही तो इससे भी पलट गया।
पीड़िता ने बताया कि उसने विनय के मां-बाप से भी इसकी शिकायत की। लेकिन उन्होंने भी शादी से इंकार कर दिया। रुपये भी नहीं वापस किये। विरोध करने पर उन लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। जान से मारने की धमकी भी दी। कहा कि दोबारा रुपये मांगे तो अच्छा नही होगा।
जब पुलिस ने उसकी नही सुनी तो उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी विनय व उसके पिता अशोक व मां कमला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाल सुधाकर मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
केस-दो
इलाहाबाद में तैनात एक सिपाही युवती को शादी का झांसा देकर उसकी अस्मत लूटता रहा। जब उसने शादी करने की बात कही तो दहेज के लालच में उसने शादी से इंकार कर दिया। पीड़िता ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अजीतमल क्षेत्र निवासी पीड़िता ने बताया कि दिबियापुर में कांशीराम कालोनी निवासी दिलीप उर्फ दीपू पुत्र मुन्नालाल इलाहाबाद में सिपाही पद पर तैनात है। वह उसे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। कई साल बीतने के बाद जब उसने शादी की बात कही तो वह टालता रहा। जोर देने पर उसने दहेज की मांग कर दी।
दहेज का विरोध करने पर उसने शादी करने से इंकार कर दिया। बार-बार कहने पर दिलीप उसे जान से मारने की धमकियां देने लगा। पुलिस से शिकायत की तो उसकी किसी ने नही सुनी। इस पर उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल संजय मिश्रा ने बताया कि आरोपी इलाहाबाद जिले में किसी थाने में तैनात है। जांच की जा रही है। जांच में मिले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।