थाना फफूंद पुलिस ने सर्विलांस के जरिए दस दिन पहले कोतवाली क्षेत्र के ग्राम माखनपुर में लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन लुटेरों को पकड़ लिया। इन्हें जेल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से लूटी गई बाइक व मोबाइल बरामद हुए हैं। पकड़े गए तीन आरोपियों में से एक पर इटावा व मैनपुरी में लूट व गैंगेस्टर के मुकदमे दर्ज हैं।
16 जून को माखनपुर के पास ढाबा मालिक की बाइक तीन बदमाशों ने लूट ली थी। तब से पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही थी। मुरादगंज तिराहे के पास कर्रई रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को रोका। कड़ाई से पूछताछ में इन्होंने लूट की घटना स्वीकार कर ली। पुलिस ने सूरज दोहरे, यादवेंद्र उर्फ टिंकू दोहरे, अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी की बाइक व एक मोबाइल बरामद किया है। एसपी अतुल शर्मा ने बताया कि इन तीनों आरोपियों में सूरज दोहरे गैंग लीडर है। उस पर इटावा व मैनपुरी में लूट व गैंगेस्टर के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।