अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शाला सिंमार में मंगलवार को खेत से फसल काटकर घर जा रहे चचेरे भाई को दबंगों ने गोली मार दी। पुलिस ने घायल को सीएचसी अजीतमल पहुंचाया, जहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया। क्षेत्र के शाला सिमार निवासी सोनू सिंह (18) पुत्र सुरेश सिंह का गांव के बाहर खेत है। मंगलवार सुबह वह खेतों पर गेहूं की फसल काटने गया था। जब वह फसल काटकर घर जा रहा था। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे परिवार के ही आमोद सिंह, कंबोद सिंह, घनश्याम सिंह व विनोद सिंह पुत्रगण गुलाब सिंह ने लाठियों से उस पर हमला कर दिया।
इसी बीच तमंचे से फायर कर दिया। गोली सोनू सिंह की जांघ में जाकर घुस गई। गोली लगते ही सोनू मौके पर ही गिर गया। उसकी चीख सुनकर ग्रामीण आए तो हमलावर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अजीतमल सीएचसी में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत के चलते उसे सैफई रेफर कर दिया।
घायल के भाई श्रीपाल सिंह ने उक्त चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली अजीतमल में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना के संबंध में कोतवाली प्रभारी संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना के पीछे जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद का कारण पता चला है। तहरीर के आधार मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।