मंगलवार की दोपहर स्टेट बैंक से जा रहे आढ़ती की बाइक में टंगे बैग को उचक्के ने पार कर दिया। बैग में तीन लाख रुपये थे। इसकी जानकारी आढ़तियों को हुई तो हड़कंप मच गया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी । पुलिस ने उचक्के की तलाश शुरू की। मगर उनका कोई सुराग नही लग सका। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हो सका है।
कस्बे के भर्थना रोड निवासी केशल दयाल पुत्र सीताराम ने कोतवाल को बताया कि वह उसकी गल्ला आढ़त की दुकान है। वह मंगलवार को स्टेट बैंक से अपने खाते तीन लाख रुपया निकाला था। इन रुपयों को वह बैग में रख लिया और बैग को बाइक पर टांग कर जा रहा था। आढ़त पर जाने के दौरान रास्ते में फोन आने पर वह बात करने लगा।
इसी दौरान उनकी बाइक से रुपयों से भरा बैग उचक्के ने पार कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को इस घटना की जानकारी देते हुए उचक्के की तलाश कर रुपये बरामद की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक इस घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की जा सकी है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि आढ़ती ने घटना की जानकारी तो दी है। मामले की जांच की जा रही है। मामला सही पाये जाने पर मामला दर्ज किया जायेगा।