घर के कमरे में बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : amar ujala beuro
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तिलक नगर में मेन गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे चोरों ने नगदी सहित करीब पांच लाख के जेवरात पार कर दिए। घटना के दौरान गृह स्वामी सुबह करीब चार बजे मार्निंग वॉक पर गए थे। बिजली न आने पर गृहस्वामिनी छत पर सोने चली गई थी। सूचना पर पहुंचे ब्रह्मनगर चौकी इंचार्ज ने घटना की जानकारी ली। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
शनिवार की सुबह लगभग चार बजे मोहल्ला तिलक नगर निवासी जय नारायण शुक्ला मेन गेट पर ताला डालकर मार्निंग वॉक पर गए थे। इसी बीच चोर ताला तोड़कर अंदर घुस गए और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए। मॉर्निंग वॉक से लौटने गृहस्वामी को मेन गेट का ताला टूटा मिला। घर के अंदर कमरे में सारा सामान बिखरा मिला। जेवरातों से भरे डिब्बे कमरे में खाली पड़े थे। माजरा समझते ही उन्होंने चिल्लाना शुरू कर दिया। जिससे छत पर सो रही उनकी पत्नी रमादेवी नीचे उतर कर आई। आनन-फानन में कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे ब्रह्मनगर चौकी इंचार्ज सतेंद्र सिंह ने पीड़ित से मामले की पूरी जानकारी की।
घर में मौजूद रमादेवी शुक्ला ने बताया कि सुबह उनके पति जय नारायण रोज की तरह मेन गेट पर ताला लगाकर मॉर्निंग वॉक पर गए थे। बिजली न आने पर वह छत पर सोने चली गईं। इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया। बताया कि चोर उनके घर से 30 हजार रुपये नगद, एक जोड़ी सोने के बाला, दो जोड़ी पायल, पांच चांदी के सिक्के, एक सोने का भारी हार, चार सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र के अलावा कीमती कपड़े, टार्च, मोबाइल आदि सामान चुरा ले गए। बताया कि उनका पुत्र अविनाश शुक्ल व बहू महिमा शुक्ला प्राथमिक शिक्षक हैं। जो वर्तमान में इटावा जिले के महेवा ग्राम के विद्यालय में तैनात हैं। उनके भी जेवरात सब यही रखे थे। चोर सब उठा ले गए।