बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर अपने पति के साथ घर जा रही महिला से तहसील के पास बाइक सवार लुटेराें ने उसके हाथों से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। घटना को अंजाम देने के बाद लुटेरे फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लुटेराें का पीछा करते हुए बिधूना-एरवा मार्ग पर उन्हें दबोच लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
भैधपुर थाना एरवाकटरा निवासी सुमन पत्नी सुनील दत्त स्टैट बैंक की शाखा से अपने खाते से 50 हजार रूपये निकाले थे। रुपये निकालने के बाद वह अपने पति सुनील के साथ बाइक से बिधूना की ओर जा रही थी। जैसे ही वह बिधूना के तहसील चौराहे के पास पहुंचे तभी पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने महिला से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। जैसे ही लुटेरे बैग छीन कर भागे महिला चीखने लगी।
महिला की चीख सुनकर मौके पर खड़े कोतवाली प्रभारी विक्रमाजीत सिंह ने लुटेरों का पीछा करना शुरू कर दिया। पुलिस ने लुटेरों को बिधूना-एरवाकटरा मार्ग पर दबोच लिया। पकड़े गए लुटेरों ने अपना नाम पता प्रमोद कुमार पुत्र महताब निवासी बांध थाना मंगलपुर जिला कानपुर देहात व दिनेश पुत्र आछे निवासी गहेसर थाना दिबियापुर बताया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपियों से उनके गिरोह के बारे में पूछताछ कर रही है।