उरई। शहर के मोहल्ला सुशील नगर में मजदूर की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। परिजनों ने शराब पिलाकर छत से फेंकने का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत की वजह छत से गिरना बताया गया है।
बता दें कि शहर के जालौन रोड स्थित मोहल्ला सुशील नगर में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने वाले मजदूर छोटेलाल (40) पुत्र भगवानदीन निवासी ग्राम नया पुरवा मंगरौल कालपी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। उसका शव बिल्डिंग के पीछे खून से सना मिला था।
साथी मजदूरों ने मौत की वजह छत से गिरना बताया था। वहीं छोटेलाल की पत्नी माया ने अपने देवर राकेश, भांजे दयाशंकर और राजकुमार निवासीगण कालपी पर शराब के नशे में धुत कर छोटेलाल को छत से फेंकने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने छोटेलाल के रिश्तेदार आशीष कुमार पुत्र जसवंत सिंह निवासी ग्राम रूपापुर थाना गोहन की तहरीर पर उक्त तीनों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर राकेश व दयाशंकर को हिरासत में ले लिया था। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी छोटेलाल की मौत की वजह छत से गिरना आई है।
मजदूर की संदिग्ध हालात में मौत का मामला
परिजनों ने शराब पिलाकर छत से फेंकने का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो