घटना के बाद कोतवाली के बाहर खड़े दोनों भाई।
- फोटो : amarujala
बिधूना (औरैया)। भगत सिंह चौराहे पर सोमवार दोपहर चचेरे भाइयों से 74 हजार रुपये भरा थैला छीनकर बाइक सवार भाग गए। बैंक में रुपये जमा न होने पर दोनों भाई चौराहे पर खरीदारी करने आए थे। पीड़ितों ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी।
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के रठगांव निवासी रविंद्र कुमार पुत्र रामस्वरूप अपने चचेरे भाई आदर्श कुमार पुत्र जसवंत सिंह के साथ बाइक से भगत सिंह चौराहा स्थित पंजाब नेशनल बैंक में 74 हजार रुपये जमा करने आए थे। खाते में पैनकार्ड न चढ़ा होने के कारण उनके रुपये नहीं जमा हुए। रविंद्र अपने बडे़ भाई मनोज को इसकी सूचना देकर चौराहे पर आदर्श के साथ खरीदारी करने लगा। इस दौरान आए दो बाइक सवार युवक फिल्मी अंदाज में उससे रुपयों भरा थैला छीनकर भाग निकले। दो भाइयों ने उनका पीछा किया, लेकिन लुटेरों का कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद दोनों ने कोतवाली पहुंचकर घटना की सूचना दी। पुलिस ने बैंक और भगत सिंह चौराहे पर जाकर पूछताछ की। कोतवाल प्रभारी मुनेंद्रवीर सिंह ने कहा कि पूछताछ की जा रही है, जल्द ही लुटेरों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल घटना की रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई।