उरई। कोतवाली क्षेत्र के बड़ागांव के पास खेत पर काम कर रहे किसान को सोमवार को कुछ लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला था। हमलावरों ने किसान को बचाने आए छोटे भाई व साले को भी पीटकर लहूलुहान कर दिया था। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर दो नामजद व दो अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उरई इंस्पेक्टर का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
बता दें कि डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम गुढ़ा निवासी चंद्रशेखर (55) पुत्र रामरतन की जमीन उरई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बड़गांव में है। रविवार शाम चंद्रशेखर अपने छोटे भाई देवचरन व साले प्रहलाद के साथ हल व बैल लेकर बड़गांव में खेत की जुताई करने आया था। तभी चार लोग लाठियां लेकर आए और हमला बोल दिया।
लाठियों से पीट पीट कर हमलावरों ने चंद्रशेखर के मरणासन्न कर दिया। बीच बचाव में आए चंद्रशेखर का भाई देवचरण व साला प्रहलाद भी मारपीट में घायल हो गए थे। चंद्रशेखर को जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज झांसी के लिए रेफ र कर दिया गया था। झांसी में उपचार के दौरान चंद्रशेखर की मौत हो गई।
मंगलवार को चंद्रशेखर के भाई देवचरण ने मधू व उसके लड़के समेत दो अज्ञात लोगों पर चंद्रशेखर की पीट पीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। इंस्पेक्टर का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर मधु व उसके लड़के शिवचरण के अलावा दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवाद खेत की मेड़ को लेकर हुआ था। आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उरई के बड़ागांव का मामला, पुलिस आरोपियों की तलाश की जुटी
अमर उजाला ब्यूरो