अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर(औरैया)।
गेल के पाता संयंत्र में सीनियर मैनेजर के पैन कार्ड की डिटेल हासिल कर एक व्यक्ति ने उनके नाम से क्रेडिट कार्ड बनवाकर 67 हजार रुपये निकाल लिए। मामला तब खुला जब बैंक ने रुपये जमा कराने के लिए गेल अधिकारी को फोन किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दिए शिकायती पत्र में गेल के सीनियर मैनेजर सोवन डे निवासी गेल बिहार दिबियापुर ने बताया कि वह मूल रूप से कोलकाता शहर का निवासी है। उसके पैन कार्ड की छायाप्रति कहीं से हासिल कर किसी व्यक्ति ने बैंक से साठ-गांठ कर क्रेडिट कार्ड बनवा लिया। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से 67 हजार रुपये भी निकाल लिए। जबकि क्रेडिट कार्ड में कहीं मेरा पता या मोबाइल नंबर नहीं है। लेकिनपैन कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर मिल जाने पर मंगलवार को उसे दिल्ली स्थित भारतीय स्टेट बैंक के कार्यालय से फोन पर क्रेडिट कार्ड के जरिए लिया गया रुपया जमा करने को कहा गया। पीड़ित ने बताया कि आज तक उन्होंने कोई क्रेडिट कार्ड नहीं बनवाया। प्रभारी थाना निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि मामला कोलकाता से जुड़ा हुआ है। इसलिए वहीं की किसी बैंक शाखा द्वारा क्रेडिट कार्ड जारी किया गया होगा। फिर भी पीड़ित की शिकायत की जांच की जा रही है।
- गेल के मैनेजर की आईडी पर क्रेडिट कार्ड बनवा पार किए 67 हजार
- बैंक ने पैसा जमा कराने की दी सूचना, तब हुई जानकारी