औरैया। पैगंबरपुर गांव के समीप 14 अगस्त को झाड़ियों में मिला शव इटावा के गांव सावला लवेदी निवासी मनीष (28) का था। शुक्रवार को कोतवाली पहुंचे परिवार के लोगों ने शव की शिनाख्त की। बताया कि युवक घर से झगड़ा करने के बाद निकला था और तब से उसका पता नहीं चल रहा था।
मालूम हो कि पैगंबरपुर गांव में 14 अगस्त को झाड़ियों में एक युवक का शव मिला था। पुलिस ने अज्ञात में शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही आस-पास के जनपदों की पुलिस को इसकी सूचना भेजी। शुक्रवार को इटावा क्षेत्र के गांव सावला के कुछ लोग कोतवाली पहुंचे।
उन्होंने मृतक की पहचान गांव सावला लवेदी जनपद इटावा निवासी मनीष (28) पुत्र रघुवीर सिंह जाटव के रूप में की। मृतक के परिवारीजनों ने पुलिस को बताया कि 13 अगस्त को किसी बात को लेकर मनीष का झगड़ा परिवारीजनों से हो गया था। इससे नाराज होकर वह घर से निकला था।
इटावा जनपद में अज्ञात शव मिलने की सूचना पर वह यहां आए। इधर पैगंबरपुर गांव के ग्रामीणों ने हत्या के बाद मृतक के शव को झाड़ियों में फेंके जाने की आशंका जताई है। सदर कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला का कहना है कि प्रथम दृष्टया युवक घर से झगड़ा करने के बाद निकला था। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी।