अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। कोतवाली क्षेत्र के प्रेमानंद आश्रम में किशोरी को अकेला पाकर दो युवक घर में घुस गए और किशोरी से छेड़छाड़ करने लगे। विरोध किया तो दबंगों ने पिटाई शुरू कर दी। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर परिजन पहुंचे तो एक युवक भाग गया, दूसरे को पकड़कर कमरे में बंदकर पीटा। परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने कमरे में बंद युवक को हिरासत में लिया है। पीड़िता ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी है।
शहर के प्रेमानंद आश्रम निवासी एक किशोरी सोमवार की शाम किचन में खाना बना रही थी। मोहल्ले का ही एक युवक घर में घुस आया, जबकि उसका साथी घर के बाहर खड़ा रहा। शोहदे ने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। जब किशोरी ने विरोध किया तो दबंग ने मारपीट शुरू कर दी। किशोरी की चीख पुकार सुनकर दूसरे घर में मौजूद परिजन आ गए और युवक को पकड़ लिया। युवक की पिटाई की और उसे एक कमरे में बंद कर दिया। पीड़िता की मां ने बताया कि पहले उन्होंने यूपी 100 नंबर डायल किया जब नंबर नहीं मिला तो वह कोतवाली पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मदनगोपाल गुप्ता ने बताया कि मामले की जांच चल रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।