कोंच। ग्राम भेंड़ में बच्चों को धमकाकर की गई लूट में पुलिस ने दो संदिग्धों को उठाया है। वहीं पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस जांच में हीलाहवाली कर रही है। न तो बच्चों से पूछताछ कर बदमाशों का हुलिया पूछा और न ही अभी तक रिपोर्ट र्दज की गई। परिजन बोले, जल्द मामले का खुलासा न हुआ तो उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे। कोतवाल संतोष सिंह का कहना है कि जल्द भेंड़ के मामले का खुलासा किया जाएगा।
गुरुवार को कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भेंड़ में महिला दयाल कुंवर के घर दिनदहाड़े तीन बदमाशों ने घर के बच्चों को बरगलाकर तकरीबन दो लाख के नकदी जेवर पर हाथ साफ कर दिए थे। दयाल कुंवर ने अपने बेटे विनोद के साथ कोतवाली जाकर तहरीर भी दी थी पर दो दिन से ज्यादा का वक्त गुजरने के बाद भी पुलिस ने अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
बेटे विनोद का कहना है कि घर का सारा सामान अभी भी वैसे ही बिखरा पड़ा है। उसका कहना है कि कम से कम एक बार पुलिस का कोई अधिकारी स्थिति देख ले तब सामान समेटे। बता दें कि कस्बे के गोखले नगर की लूट को टप्पेबाजी में दर्ज करने का बाद पुलिस ने उसे भी ठंडे बस्ते में डाल रखा है।
कोतवाल संतोष सिंह का कहना है कि पुलिस सभी घटनाओं में जांच कर रही है, कुछ सुराग भी हाथ लगे हैं, दो संदिग्धों को उठाया है। जल्द मामले का खुलासा भी किया जाएगा।
-दो दिन पूर्व घर में घुसकर की गई थी वारदात
-पीड़ित पक्ष लगा रहा लापरवाही का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो