दो सगी बहनों (एक नाबालिग) की एक समुदाय विशेष के युवकों के साथ देहरादून में पकड़े जाने के बाद कीर्तिनगर में जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित भीड़ ने कीर्तिनगर बाजार में आरोपी युवकों की दुकान में तोड़फोड़ कर दी। हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बाद तनातनी हो गई। एहतियात के तौर पर श्रीनगर और देवप्रयाग से भी पुलिस बल को कीर्तिनगर में तैनात कर दिया गया है। पूरा बाजार पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है। रात तक मामले में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
शुक्रवार देर रात देहरादून के महाराजा अग्रसेन चौक पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार युवक और युवती को रोक लिया। युवक बाइक को स्टाइल से चला रहा था। पुलिस ने बाइक के कागजात मांगे तो वह दिखा नहीं पाया। शक होने पर पूछताछ हुई तो पता चला कि युवती की बहन भी त्यागी रोड स्थित एक होटल में ठहरी हुई है।
दोनों बहनों के साथ दूसरे समुदाय के युवकों के होने पर पुलिस का माथा ठनक गया। रात में ही देहरादून पुलिस ने नई टिहरी के एसएसपी को सगी बहनों की बरामदगी की जानकारी दे दी। देर रात पुलिस टीम उन्हें लेकर रवाना हो गई। उधर, कीर्तिनगर में शनिवार सुबह सगी बहनों के देहरादून में एक होटल में दूसरे समुदाय के युवकों के साथ बरामदगी की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई।
कीर्तिनगर, जाखणी और श्रीनगर से आए लोगों ने प्रदर्शन कर आरोपियों की दो दुकानों में तोड़फोड़ कर दी, जिससे अफरातफरी मच गई। लोगों का कहना था कि भगाई गई एक युवती मानसिक रूप से कमजोर है, जबकि दूसरी नाबालिग। मौके पर पहुंचे कोतवाल चंदन सिंह चौहान ने कहा कि लड़कियों को भगाने के संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।
प्रदर्शन करने वालों में भाजपा जिला उपाध्यक्ष पौड़ी शैलेंद्र जैन, बदरीश गोदियाल और विनय घिल्डियाल शामिल थे। कीर्तिनगर में हंगामे की सूचना पर सीओ धन सिंह तोमर के नेतृत्व में पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। वहीं, कीर्तिनगर से तीन किलोमीटर दूर श्रीनगर में भी बवाल की आशंका को देखते हुए वहां भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।