जालौन। युवक ने छत के कुंडे से मां की साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। युवक को लटकता देख पत्नी के होश उड़ गए। आनन फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुरा निवासी जीतू कुशवाहा (28) पुत्र जवाहर ने बुधवार की शाम लगभग 5 बजे अज्ञात कारणों के चलते कमरे का दरवाजा बंद कर छत पर लगे कुंडे में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पत्नी अंजलि ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलावाया तो सामने पति का शव देख उसके होश उड़ गए।
पत्नी ने बताया कि घर के बाकी लोग बिठूर गए हुए थे। परिजनों ने बताया कि जीतू का एक वर्ष पूर्व ही विवाह हुआ था। वह दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था, और मंगलवार को ही अपने गांव आया ता। एसआई उमेश यादव मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
एक साल पहले हुई थी शादी, पुलिस तलाश रही कारण
अमर उजाला ब्यूरो