जालौन। टप्पेबाजी एवं बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कोतवाली पुलिस व चौकी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से बैंकों की चेकिंग का अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध लोगों से पूछतांछ भी की गई। इसके साथ बिना लॉक के खड़ी लगभग एक दर्जन से अधिक बाइकों को भी कोतवाली पहुंचाया गया।
लगातार बढ़ रही टप्पेबाजी व बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी संजय कुमार गुप्ता व चौकी प्रभारी शीतला प्रसाद मिश्र ने संयुक्त रूप से दो टीमें बनाकर नगर में स्थित इलाहाबाद यूपी ग्रामीण बैंक, स्टेट बैंक, इलाहाबाद बैंक मुख्य शाखा एवं मंडी शाखा, सेंट्रल बैंक समेत सभी बैंकों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की गई। जिसमें सभी बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरे सही पाए गए। पुलिस ने बैंक में आए लोगों से भी पूछताछ की। बिना काम के बैंक के अंदर घुसे लोगों को बाहर निकाला गया। बैंक के बाहर खड़े संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की गई। पूर्ण संतुष्टि होने पर ही उन्हें जाने दिया गया।
इस दौरान कोतवाल व चौकी इंचार्ज ने शाखा प्रबंधकों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बातचीत भी की। निर्देश दिए कि यदि बैंक अथवा बैंक के बाहर कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखता है तो इसकी जानकारी उन्हें दें। ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा पुलिस ने बाइक चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए सड़क पर बिना लॉक लगाए खड़ी एक दर्जन से अधिक बाइकों को कोतवाली पहुंचाया।
टप्पेबाजी व बाइक चोरी की घटनाएं रोकने की कवायद
अमर उजाला ब्यूरो