चोरी की योजना बना रहे चार लोगों को पुलिस ने दबोचा
अटसू (औरैया)। कस्बे में शुक्रवार रात किसी दुकान में चोरी करने की योजना बन रहे चार लोगों को पुलिस ने दबोच लिया। संदेह के आधार पर पकड़े जाने पर जब युवकों से पुलिस ने पूछताछ की तो मामला खुला। पुलिस ने पकड़े गए युवकों के पास से शटर व ताला तोड़ने के उपकरण भी बरामद कर लिए।
शुक्रवार की रात पुलिस गश्त कर रही थी। उसी समय मुखबिर से चोरी की सूचना मिली तो एसआई उपेंद्र नाथ राय व भागीरथ सिंह ने पुलिस बल के साथ अंबेडकर नगर में छानबीन की तो एक विद्यालय के पीछे चार लोगों को बैठे देखा। पुलिस को देखकर चारों ने भागने की कोशिश की तो पुलिस ने घेरकर सभी को दबोच लिया। पूछताछ के बाद युवकों ने चोरी करने की बात कबूल कर ली।
उनके पास से शटर आदि तोड़े जाने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण आरी, छैनी, हथौड़ा आदि बरामद कर लिया। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र सिंह ने पकड़े गए लोगों के नाम रशीद पुत्र शहीद खां निवासी दलेलनगर, ऋषभ उर्फ गट्टू पुत्र शिवमोहन, लालू पुत्र परमसिंह निवासीगण सिद्वार्थ नगर बाबरपुर, मोहित पुत्र हाकिम सिंह निवासी सिरसाकलार जालौन बताया है। बताया कि पकड़े गए आरोपी पहले भी चोरी करने में जेल जा चुके है।