कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लुधपुरा की एक बर्फ फैक्ट्री में काम कर रहे युवक को पुरानी रंजिश में आठ-दस लोगों ने गालियां देते हुए मारपीट की। फैक्ट्री में बिक्री के रखे 20 हजार रुपये भी उठा ले गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू की है। ग्राम लुधपुरा निवासी पुष्पेंद्र सिंह पुत्र हुकुम सिंह गांव स्थित एक बर्फ फैक्ट्री में काम करता है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि गांव निवासी मुकेश मंगलवार की शाम बर्फ फैक्ट्री पर आया। जहां वह काम कर रहा था। इसी दौरान मुकेश ने उसे गालियां देनी शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मौजूद आठ-दस लोगों ने उसको मारपीट कर घायल कर दिया। साथ ही बिक्री के रखे 20 हजार रुपये भी उठा ले गए। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।