पहले की गोद भराई, अब शादी से इनकार
दहेज में एक लाख रुपये व बाइक न मिलने पर लड़के पक्ष की धमकी
- पीड़ित लड़की पक्ष ने कोतवाली पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
10- फरियाद लेकर कोतवाली पहुंची पीड़ित लड़की व उसका पिता
अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। गोद भराई के बाद दहेज में एक लाख रुपये व बाइक की मांग पूरी होती न देख लड़के पक्ष ने रिश्ता तोड़ बारात न लाने की धमकी दी है। लड़की व उसके परिवारीजन सोमवार को कोतवाली पहुंच दहेज लोभियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव जोगीपुर निवासी सुरेश सिंह पुत्र मौजीलाल ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि उसने पुत्री कल्पना का विवाह तैयापुर थाना ऐरवाकटरा निवासी श्रीकृष्ण उर्फ रिंकू पुत्र जगदीश चंद्र साथ तय की है। गोद भराई की रस्म हो चुकी है। 21 जुलाई को शादी होनी है। वह परिवारीजनों के साथ शादी की तैयारियों में लगा है। इधर लड़के पक्ष ने गोद भराई के बाद एक लाख रुपये और बाइक की मांग शादी से पहले की। उसने 70 हजार रुपये बाइक खरीदने के लिए दे दिए। एक जुलाई को लड़के पक्ष के श्रीकृष्ण उर्फ रिंकू, उसके पिता जगदीश चंद्र, चाचा तिलक सिंह, लड़के का बहनोई पिंकू पुत्र महाराज सिंह निवासीगण तैयापुर थाना ऐरवाकटरा और लड़के की नानी रामवती निवासी ऊधौपुर थाना दिबियापुर ने एक लाख रुपये और बाइक की मांग करने लगे। जब उसने इनकार किया तो लड़के पक्ष के लोगों ने देख लेने की धमकी दी। धमकी से उसकी पुत्री व अन्य परिवारीजन परेशान हैं। पीड़ित ने दहेज लोभियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी ने पीड़ित को मामले की जांच के बाद दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।