जालौन। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहाव में संदिग्ध हालात में देशी शराब के ठेके में धमाका होने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान में रखी शराब की 78 पेटी क्वार्टर तथा 3900 रुपये जलकर राख हो गए। सूचना पाकर पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया। ठेकेदार ने कोई तहरीर नहीं दी है।
गुरुवार की मध्यरात्रि ग्राम सहाव में देशी शराब के ठेके में धमाका हो गया। जिससे दुकान की छत उड़ गई। आग लगने से दुकान में रखे शराब के क्वार्टर जल गए। घटना की सूचना पर पुलिस और दमकल पहुंची। पता चला कि ग्राम सहाव में गीता देवी का ठेका है।
ठेका चलाने वाले राजकुमार राजावत ने बताया कि उनके सेल्समैन ने गुरुवार रात को निर्धारित समय पर ठेका बंद किया था। किसी अज्ञात व्यक्ति ने खिड़की से कोई संदिग्ध चीज फेंकी होगी, जिससे धमाका हुआ होगा। शराब के साथ 3900 रुपये भी जल गए। कोतवाल महाराज सिंह तोमर का कहना है कि ठेका संचालक की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है, फिर भी जांच की जा रही है।
-शराब और रुपये जले, पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो