बिधूना (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह चौराहे स्थित पाल मार्केट में ज्वैलरी शॉप से चोरों ने शुक्रवार की रात लाखों के जेवरात और नगदी पार कर दी। चोरों ने ताला काटकर वारदात को अंजाम दिया। शनिवार को सुबह सराफ दुकान पर पहुंचे तो ताले टूटे देख सन्न रह गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कस्बा चौकी इंचार्ज ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है।
कस्बे के भगत सिंह चौराहे पर हरनाथ सिंह भदौरिया की भरथना रोड पर स्थित पाल मार्केट में राजीव आभूषण भंडार के नाम से दुकान है। रोज की तरह शुक्रवार की रात वह दुकान बंद करके अपने घर चले गए थे। शनिवार को सुबह बंदी का दिन होने से वह दुकान में देरी से आए। मौके पर देखा तो दुकान के ताले टूटे मिले। अंदर जेवरात के डिब्बे बिखरे पड़े थे।
हरनाथ सिंह ने बताया कि एक जोड़ी सोने के हाथ के कंगन, एक जोड़ी ब्रजबाला, दो किलो चांदी और 23 सौ रुपया नगद दुकान से गायब है। पूरा माल तकरीबन तीन लाख रुपये का था। दुकान मालिक की सूचना पर मौके पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज ने मौका मुआयना किया। चोरी का मुकदमा फिलहाल दर्ज नहीं कराया जा सका। बता दें कि इससे पूर्व बाला जी मंदिर के पास स्थित ताला बंद मकान से चोरों ने एक लाख का माल पार कर दिया था। मकान मालकिन सरोज देवी अब भी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए चक्कर काट रहीं हैं। बिधूना क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की वारदातों से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश है।