कालपी। हाईवे पर छौंक गांव के पास गलत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने टेंपो में टक्कर मार दी जिससे टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। टेंपो पलटने से उसमें सवार एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी सवारियां बाल बाल बच गई। मृतक की शिनाख्त के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
छौंक गांव के पास हाईवे में उरई की दिशा की ओर जा रही टेंपो में कालपी की ओर आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे टेंपो हाईवे पर ही पलट गया। टेंपो पलटते ही उसमें सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। टेंपो में सवार विशुन पुत्र गया प्रसाद निवासी ग्राम ढेरी थाना पूंछ जिला झांसी बुरी तरह से दब गया।
जब तक आसपास के लोग दौड़े और सवारियों को निकालने का काम शुरू किया तब तक विशुन की मौत हो गई। बाकी के यात्रियों को सकुशल निकाल लिया गया। पुलिस ने विशुन के परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद सवारियों में खौफ उनके चेहरों पर झलक रहा था। पुलिस का कहना है कि टक्कर मारने वाले ट्रक का पता किया जा रहा है।
-कालपी के पास छौंक हाईवे की घटना
अमर उजाला ब्यूरो