औरैया। सदर कोतवाली के ग्राम दयालपुर में सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने को लेकर दो पक्षों में झगड़ा होने के साथ मारपीट होने लगी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह मामला शांत किया। इस मारपीट में एक पक्ष से चार लोग घायल हुए। पीड़ितों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सदर कोतवाली के अंतर्गत आने वाले ग्राम दयालपुर निवासी शिवा पुत्र अहिबरन सिंह, उसके पुत्र राजेश व श्याम मुरारी घर के पास में लगे एक सरकारी हैंडपंप पर पानी भरने गए थे। इसी बीच पड़ोसी भी हैंडपंप पर पानी भरने पहुंचे। पहले पानी भरने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर मारपीट होने लगी। गांव के लोगों ने किसी तरह मामले को शांत किया और घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी।
घटना में शिवा और उसके दोनों पुत्र घायल हो गए। आरोप है कि साथ ही उन्हें बचाने पहुंची शिवा की पत्नी गीता देवी को भी हमलावरों ने पीटा। घायलों ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को लिखित रूप से देते हुए मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि मामले की तहरीर मिली है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।