मुहम्मदाबाद। राठ हाईवे पर महिला की साड़ी पहियों में फंसने से बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे बाइक सवार देवर-भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान भाभी की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि फिलहाल परिजनों को घटना की जानकारी कर दी गई है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था, जिससे उसके सिर पर चोटें आईं हैं।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार दोपहर तीन बजे के आसपास टिकरी गांव रेंढर निवासी रामदीन पुत्र बंटीराम अपनी भाभी राजकुमारी (25) पत्नी हवलदार को लेकर बढ़ेरा चिकासी की ओर जा रहा था। इस बीच मोड़ के पास जैसे ही रामदीन की बाइक पहुंची, तभी राजकुमारी की साड़ी बाइक के पिछले पहियों में फंस गई। देखते ही देखते बाइक अनियंत्रित होकर रोड पर पलट गई और भाभी-देवर लहूलुहान हो गए।
आनन फानन में 100 नंबर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां पर इलाज के दौरान राजकुमारी ने दम तोड़ दिया। जैसे ही हादसे की सूचना चिकरी स्थित रामदीन के घर पर पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिवार वाले पहले डकोर थाने फिर अस्पताल पहुंचे। बताया जाता है कि हाल ही में राजकुमारी की शादी हुई थी और वह देवर के साथ किसी रिश्तेदार के घर जा रही थी। पुलिस ने राजकुमारी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुसमिलिया के पास राठ हाईवे की घटना
अमर उजाला ब्यूरो