अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर(औरैया)।
एससी/एसटी आयोग के आदेश पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ युवती को जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज की है। बिना अनुमति डीजे के साथ बारावफात का जुलूस निकालने की सूचना युवती ने पुलिस को दी थी। गांव के लोग उसे धमकी दे रहे थे। वह पुलिस के पास रिपोर्ट दर्ज करानेे गई थी लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। इसके बाद युवती ने एससी/एसटी आयोग का दरवाजा खटखटाया था।
दो दिसंबर 2017 को बारावफात के अवसर सेहुद गांव में बिना अनुमति डीजे युक्त जुलूस निकालने की सूचना पुलिस को मिली थी। इस पर पुलिस ने डीजे को पकड़ लिया था। इसके बाद दिबियापुर में बारावफात का जुलूस निकाल रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों ने जुलूसे मुहम्मदी को रोक दिया था। ये सूचना सेहुद गांव निवासी नीरज गौतम ने दी थी। वह संघ की जिला संपर्क प्रमुख है। उसने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने मुस्लिम समाज के युवकों को काफी समझाया व डीसीएम सहित डीजे को थाने ले गई। उसके बाद वह आरएसएस के अभ्यास वर्ग में बिल्हौर चली गई। चार दिसंबर को लौट कर आई तो गांव के नफीस, नहीम खान, मुजाहिद, शकील उर्फ गंठे, शहीद खान व एक अज्ञात व्यक्ति ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। वह पुलिस के पास रिपोर्ट दर्ज कराने गई लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। इसकी शिकायत उसने एससी एसटी आयोग में की थी। दिबियापुर थाना प्रभारी विष्णु गौतम ने बताया कि पांच नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- जान से मारने की धमकी पर छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
- एससी/एसटी आयोग के आदेश पर पुलिस ने की कार्रवाई
- बिना अनुमति डीजे के साथ बारावफात जुलूस निकालने की सूचना युवती ने दी थी