औरैया। मोबाइल धारकों के हाथों से बात करने के दौरान पीछे से बाइक से आकर झपट्टा मारकर मोबाइल छीनकर भागने वाले झपटमार बाइकर्स गैंग के तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने लूटे गए 17 मोबाइल व छह सौ ग्राम गांजा भी बरामद किया है। इस दौरान पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लूट के लिए प्रयुक्त की जाने वाली बाइक भी बरामद की है।
कोतवाली इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति ने सर्विलांस प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला व स्वॉट टीम इंचार्ज जितेंद्र कुमार के संयुक्त प्रयास से जिले में झपटमार बाइकर्स गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस दौरान पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के पास से 17 लूटे गए मोबाइल बरामद किए। इसके साथ ही तलाशी में पुलिस ने छह सौ ग्राम गांजा व लूट में प्रयुक्त सफेद रंग की बाइक भी बरामद की। पकड़े गए आरोपियों मनी उर्फ रोहित प्रताप सिंह (20) पुत्र प्रवेश कुमार सविता निवासी कुसुमरा बिधूना, मनीष दुबे उर्फ आर्यन (19) पुत्र शशिकांत निवासी चिरकुंआ व मंगल मिश्रा उर्फ प्रशांत (20) पुत्र योगेंद्र मिश्रा निवासी शाहूपुर बिधूना ने बताया कि वह इंटरमीडिएट के छात्र हैं। तीनों लोग बाइक से ऐसे लोगों को अपना शिकार बनाते थे जो लोग एकांत में मोबाइल पर बात करते हुए रास्ते में जा रहे हों। उन्होंने बताया कि लूटे गए मोबाइल को उनकी स्थिति के अनुसार कम दामों में बिधूना क्षेत्र में ही लोगों को बेच देते थे। पकड़े गए सभी आरोपियों से पुलिस कोतवाली में पूछतांछ कर रही है। इस संबंध में एएसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से अभी पूछतांछ की जा रही है। अभी इनसे और जानकारी मिलने की उम्मीद है।
झपटमार बाइकर्स गैंग के तीन सदस्यों से 17 मोबाइल बरामद
-पुलिस ने तलाशी में छह सौ ग्राम गांजा व लूट में प्रयुक्त की जाने वाली बाइक भी मिली