कदौरा (जालौन)। अन्ना मवेशियों को बचाने के चक्कर में पेट्रोल पंप के पास अल्टो कार पलट गई। जिसमें चालक घायल हो गया। उधर, दूसरे मामले में कार व बोलेरो की टक्कर में दोनों के चालकों के बीच जमकर मारपीट भी हुई।
कानपुर निवासी विनोद कुमार अपनी अल्टो कार से हमीरपुर जा रहे थे तभी हाईवे के किनारे पेट्रोल पंप के समीप कार के सामने अचानक अन्ना मवेशियों का झुंड आ गया। जिन्हें बचाने के चक्कर में विनोद ने स्टेयरिंग से अपना संतुलन खो दिया और देखते ही देखते ही कार हाईवे पर पलट गई।
जिससे चालक विनोद को काफी चोटें आई। राहगीरों ने किसी तरह कार में फंसे विनोद को बाहर निकाला और नजदीक के अस्पताल ले गए। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस का कहना है कि फिलहाल विनोद का अभी तक पूरा पता नहीं मालूम चला है। होश आने पर उनके घर पर सूचना की जाएगी।
इलाकाई लोगों का कहना है कि हाईवे पर अन्ना मवेशियों के झुंड के कारण आएदिन हादसे होते हैं। इस पर पुलिस व प्रशासन को रोक लगानी चाहिए। वहीं दूसरी ओर, मेला ग्राउंड के समीप बोलेरो ने अल्टो कार में टक्कर मार दी। इस पर दोनों चालकों के बीच सड़क पर जमकर मारपीट होने लगी। अल्टो चालक ग्राम बबीना निवासी अरुण कुमार ने बोलेरो चालक के खिलाफ तहरीर दी है।