कुठौंद। नौरेजपुर गांव में एक शादी समारोह में डीजे पर डांस को लेकर बारात पक्ष के लोगों में आपस में ही मारपीट हो गई। गांव के एक युवक ने मामला शांत कराने का प्रयास किया तो बाराती उसे कार में डालकर ले गए। वह काफी तलाश के बाद गांव से काफी दूर सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। ग्रामीण उसे लेकर थाने पहुंचे। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि उसे ले जाने वाले लोग उसे मरा हुआ समझकर फेंक कर भाग गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुठौंद के नौरेजपुर गांव में लालदास की बेटी की बुधवार को शादी थी। बारात जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जगनेवा से आई थी। शादी गांव के विद्यालय से हो रही थी। देर रात डीजे पर डांस करने को लेकर बाराती पक्ष के कुछ लोग आपस में ही झगड़ने लगे। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते लात घूंसे चलने लगे। मामला बढ़ता देखकर गांव का ही गोविंद पुत्र भैयालाल बीच बचाव करने लगा।
वह किसी तरह मामला शांत कर विद्यालय के पास स्थित अमित सिंह के ट्यूबवेल पर चला गया। कुछ देर बाद जब अमित वहां पहुंचा तो वहां गोविंद नहीं था, लेकिन काफी खून पड़ा था। यह देखकर वह तुरंत विद्यालय पहुंचा और ग्रामीणों को गोविंद के लापता होने की सूचना दी। इसी बीच एक बच्चे ने बताया कि गोविंद को कुछ लोग जबरन कार में ले गए है। इस पर ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
बताते हैं कि मामला शांत कराने के दौरान गोविंद और बाराती पक्ष के लोगों के बीच गालीगलौज हुई थी। इसके बाद नौरेजपुर गांव के कई ग्रामीण थाने पहुंच गए और गोविंद के लापता होने की सूचना दी। तलाश के दौरान गुरुवार दोपहर एक बजे गोविंद सिरसाकलार मार्ग स्थित जुगराजपुर गांव के पास सड़क किनारे पठान बाबा के पास चेकडैम में पड़ा मिला। उसके सिर से खून बह रहा था और सिर में किसी धारदार हथियार से प्रहार किए जाने की काफी गहरी चोट थी।
ग्रामीण तुरंत उसे लेकर थाने पहुंचे। गोविंद के बताया कि उसको ले जाने वाले लोग उसे मरा समझकर सड़क किनारे फेंक कर चले गए। कार में उन लोगों ने उसके साथ काफी मारपीट भी की। मारपीट करने वाले मलथुआ गांव के बताए जा रहे है। थाने के दरोगा दौलतराम शाक्य ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल घायल को इलाज के लिए भेजा गया है। तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जाएगी।
बीच बचाव करने वाले युवक उठा ले गए, रास्ते में पीटकर किया मरणासन्न
अमर उजाला ब्यूरो