उरई। पुलिस ने दस हजार के इनामी शातिर अपराधी को चोरी की सेंट्रो कार, दो बाइकें, बैट्री नगदी सहित उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने पुलिस लाइन सभागार में घटना का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास है। कई जनपदों में उनके खिलाफ विभिन्न मामले दर्ज हैं। एसपी ने पुलिस टीम को इनाम की राशि देने के घोषणा की।
पुलिस लाइन सभागार में एसपी अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए एएसपी, सीओ व कोतवाल की टीमें बनाकर चोरियों का खुलासा करने का निर्देश दिया गया था। टीम ने कोतवाली क्षेत्र के झांसी चुंगी के पास से मुखबिर की सूचना पर दस हजार के इनामी आसिफ उर्फ शानू पुत्र रौनक अली निवासी जेल के पीछे पटेलनगर उरई व बल्लू पुत्र जमील निवासी रामकुुंड उरई को चोरी की सेंट्रो कार, कई जनपदों से चुराई गई बैट्रियां, दो चोरी की बाइकें व 45 हजार रुपये बरामद कर गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि मुखबिर द्वारा सूचना मिली थी कि आसिफ उर्फ शानू सेंट्रो कार में चोरी की बैट्री रखे हुए झांसी चुंगी पर खड़ा है। सूचना पर स्वाट टीम प्रभारी ब्रिजनेश यादव, उपनिरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे, हरपाल सिंह ने पुलिस फोर्स के साथ कार में रखे चार बैट्रियों सहित दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में बताया कि सेंट्रो कार पानीपत हरियाणा से चोरी की गई थी।
वहीं उन्होंने फैक्टरी एरिया के पास एक खंडहर से दो बाइकें भी बरामद कराईं। एसपी ने बताया कि इन पर ललितपुर, अकबरपुर, कानपुर देहात, औरैया व जालौन के कई थानों में मामले अलग-अलग धाराओं में मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम में सर्विलांस प्रभारी महेश दुबे, उप निरीक्षक साबिर अली, आनंद पांडेय, शकील अहमद, धीरेंद्र कुमार, गौरव वाजपेई, मनोज कुमार, कर्मवीर सिंह, रवि भदौरिया शैलेंद्र चौबे आदि रहे।