अमर उजाला ब्यूरो
दिबियापुर। सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष व जिला पंचायत सदस्य अछल्दा कल्लू यादव एवं उनके साथियों के खिलाफ उनकी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी की पत्नी ने रेप की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामला राजनीति से जुड़ा होने के कारण पुलिस अधिक जानकारी देने से बचती रही है।
पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका पति जिला पंचायत सदस्य सुधीर यादव कल्लू की कंपनी में काम करता है। रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व वह अपने पति के काम के रुपये मांगने कल्लू यादव के घर गई थी। इसी दौरान कल्लू ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप लगाया कि इस दौरान उसके दो साथी भी मौजूद थे।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बताते हैं कि इस रिपोर्ट को दर्ज कराने के लिए सत्ताधारी दल के एक जिला पंचायत सदस्य भी दिबियापुर थाने में काफी समय तक जमा रहे। पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।
थानाध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है। लेकिन अधिक जानकारी देने से मना कर दिया है। सीओ भास्कर वर्मा का कहना है कि अभी लखनऊ में मीटिंग में आए हैं।
रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी है। जांच में सब सामने आ जाएगा। हालांकि इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य कल्लू यादव से कई प्रयासों के बाद भी बात नहीं हो सकी।