औरैया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय दयालपुर के सहायक अध्यापक विपिन अवस्थी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार सुबह जब चतुर्थ श्रेणी कर्मी विद्यालय की साफ सफाई करने पहुंची तो उसने विद्यालयों के ताले टूटे देखे।
अध्यापकों ने अंदर जाकर देखा तो कमरों में लगे सभी पंखे, दो कंप्यूटर गायब थे। चोरों ने रसोई का ताला तोड़कर उसमें रखा सिलिंडर, अन्य सामान व खाद्यान्न चोरी कर लिया। इसी परिसर में बने प्राथमिक विद्यालय पढ़ीन दरवाजा में भी चोरी हुई। इंचार्ज प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि चोर उनके विद्यालय में लगे तीन पंखे, दो स्पीकर, खेल का सामान, सिलिंडर, रसोई का सामान एवं कुर्सियां चोरी कर ले गए हैं। सीओ सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर जल्द खुलासा किया जाएगा। (संवाद)