औरैया। अनुसूचित जाति/जनजाति अत्याचार उत्पीड़न की मद में घोटाला करने वाले लिपिक को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
बिधूना के लोहिया नगर निवासी शिवम सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह को शिकायती पत्र देकर जिला समाज कल्याण विभाग में लाखों के घोटाले का आरोप लगाया था। कमेटी गठित कर अभिलेखों की जांच की गई तो वर्ष 2019 से 2022 तक 39 लाभार्थियों के खाता नंबर बदलकर 26 लाख 25 हजार रुपये का घोटाला सामने आया था। लाभार्थियों के मोबाइल नंबर बदले मिले थे। इस मामले में पटल सहायक आकाश गौतम व कंप्यूटर आपरेटर मनोज कुमार को दोषी पाया गया था।
लेखाकार वासिफ, तत्कालीन प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी आशुतोष सिंह, श्रीभगवान, आवेश कुमार के कार्य में शिथिलता पाई गई। जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी के पास पहुंचते ही आकाश गौतम, मनोज कुमार कार्यालय से फरार चल रहे है। जिला समाज कल्याण अधिकारी इंदिरा सिंह ने बताया कि लिपिक आकाश गौतम (पटल सहायक) को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। (संवाद)