रैली में शामिल कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत एवं अन्य अधिकारी।
- फोटो : AURAIYA
दिबियापुर (औरैया)। देश के करीब 624 शहरों के साथ दिबियापुर में भी सक्षम फिट इंडिया वाकेथान डे पर खासी संख्या में लोगों ने पद रैली में भाग लिया। गेल की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत पहुंचे। इस दौरान पैदल चलकर ईंधन बचाने और स्वस्थ रहने का संकल्प लिया गया।
औरैया रोड पर स्थित सीआईएसएफ कालोनी ग्राउंड में आयोजित शुभारंभ समारोह में कृषि राज्य मंत्री ने उपस्थित लोगों को तेल एवं गैस संरक्षण की शपथ दिलाई। कहा कि अधिकाधिक पैदल चलकर ईंधन एवं ऊर्जा की वचत करने में योगदान दे सकते हैं। साथ ही शरीर को भी स्वस्थ रख सकते हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिकाधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। इससे पहले गेल अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक ऊर्जा, ईधन बचत के लिए लोगों में जागरूकता के लिए पद यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। तेल एवं गैस कंपनियों के सहयोग से प्रतिवर्ष संरक्षण क्षमता महोत्सव का आयोजन किया जाता है। संरक्षण क्षमता महोत्सव के दौरान कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ है। इसके बाद तेल एवं गैस बचाने के लिए लगाए जा रहे नारों के साथ पद यात्रा की शुरूआत हुई। औरैया रोड पर सीआईएसएफ कालोनी गेट से शुरू हुई पदयात्रा फफूंद चौराहा होते हुए फफूंद रोड पर एनटीपीसी कालोनी के सामने स्थित गेस्ट हाउस में समाप्त हुई। लगभग 5 किलोमीटर दूरी की पदयात्रा में तेल एवं गैस बचाने के आह्वान के लिए स्लोगल लिखी टीशर्ट एवं कैप पहनकर कृषि राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत, गेल पाता के कार्यकारी निदेशक एमवी रवि सोमेश्वरुडु, गेल कंप्रेसर स्टेशन के प्रभारी अधिकारी हृदयेश कुमार, गेल डीजीएम एके सिन्हा, राज्यमंत्री पीआरओ प्रमोद कुमार समेत खासी संख्या में लोग शामिल हुए।
गेल की ओर से दो दिन पहले प्रेसवार्ता कर 9 फरवरी को होने वाली पदयात्रा में 800 लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया था। इसके लिए लाखों रुपये खर्च किए गए थे। परंतु पद रैली में भीड़ कम जुटने की खासी चर्चा रही। चर्चा रही कि रैली में केवल गेल एवं गेल से जुड़े लोग ही दिखाई दे रहे थे। पद रैली के समापन पर जब गेल पाता के कार्यकारी निदेशक एमवी रवि सोमेश्वरुडु से मीडिया ने जब लाखों खर्च के बावजूद जागरूकता पद रैली से आम लोगों का जुड़ाव न होने पर सवाल पूछा गया तो वह इसका कोई सटीक जवाब नहीं दे सके। हालांकि उन्होंने दावा किया कि रैली में लगभग 6 सौ लोग जुटे थे।
एक ओर केंद्र एवं प्रदेश सरकार सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए अभियान चला रहीं हैं। लेकिन भारत की महारत्न कंपनी गेल द्वारा आयोजित वाकेथान में सिंगल यूज प्लास्टिक जमकर प्रयोग किए जाने एवं यह प्लास्टिक मैदान में फेंककर स्वच्छ भारत अभियान की धज्जियां उड़ाने की पोस्ट सोशल मीडिया पर पूरे दिन वायरल होती रही। वायरल हुई पोस्ट में डाले गए वीडियो व फोटो में बताया गया कि सीआईएसएफ मैदान में लोगों को बांटी गई टी शर्ट एवं कैप में लगाई गई पॉलिथीन सिंगल यूज वाली होने के बावजूद प्रयोग की गई। इतना ही नहीं लोगों ने प्रयोग की गई सिंगल यूज प्लास्टिक को मैदान में फेंककर स्वच्छ भारत अभियान की धज्जियां उड़ाईं। इस संबंध में गेल के कार्यकारी निदेशक एमवी रवि सोमेश्वरुडु ने बताया कि प्लास्टिक को पूरी तरह से बंद नहीं कर पाएंगे। लेकिन कम से कम प्लास्टिक प्रयोग के लिए हम प्रयास कर रहे हैं।