अजीतमल (औरैया)। जनता महाविद्यालय में कार्यरत शिक्षक से आगरा निवासी एक युवक ने खुद को रक्षामंत्री के पुत्र का करीबी बताकर शिक्षक एमएलसी बनवाने के नाम पर दो लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने अजीतमल थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
महाविद्यालय में कार्यरत प्रो. विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि आगरा के पोस्ट लकवा नाई की मंडी निवासी लाखन सिंह ने उन्हें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र नीरज सिंह का खुद को करीबी बताकर एससी कोटे से एमएलसी बनवाने की बात कहीं थी। जिसके एवज में उसने दस लाख रुपये की मांग की। उसकी बातों में आकर 14 अक्तूबर को उन्होंने बैंक खाते में दो लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद 23 अक्तूबर को उन्होंने तीन लाख की चेक दी। इसके बाद लाखन ने बात करना बंद कर दिया। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने तुरंत चेक निरस्त करवा दी। अब वह रुपये मांगने पर टालमटोल कर रहा है। अजीतमल थाना प्रभारी सुरजीत सिंह का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर ठगी का मुकदमा दर्ज हुआ है। जांच की जा रही है। (संवाद)