दिबियापुर। बेटी पैदा होने पर ताना मारने व दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर विवाहिता ने ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। विवाहिता ने ससुराल वालों पर घर से निकालने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिबियापुर के लोहिया नगर निवासी प्रियंका सिंह अनामिका ने बताया कि उसकी शादी 18 जनवरी 2018 को विजय नगर फ्रेंडस कालोनी इटावा के सत्यम सिंह के साथ हुई थी। 20 अक्टूबर 2019 को पुत्री त्रसिका पैदा होने पर पति सत्यम, उनकी मां आशा देवी व तीन अन्य रिश्तेदारों ने लड़की पैदा होने पर ताना मारना शुरू कर दिया। साथ ही दहेज में घर से सामान व दो लाख रुपयों की मांग शुरू कर दी। तीन फरवरी 2022 को ससुराल में मारपीट की और उसे भूखा रखा। रुपये न देने पर छोड़ देने की धमकी दी। इसके बाद उसे बेटी के साथ घर से निकाल दिया गया। वहां से वह बेटी के साथ दिबियापुर आ गई। छह मार्च को सभी लोग दिबियापुर स्थित घर आए और मारपीट की।
थाना प्रभारी शशि भूषण मिश्रा ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।