फोटो-28एयूआरपी-01- प्रांशी की फाइल फोटो
- फोटो : AURAIYA
बिधूना। रामगढ़ मार्ग पर पुर्वा पट्टी गांव के सामने कार की टक्कर से किशोरी की मौत हो गई। हादसे के बाद भागने के चक्कर में कार बेकाबू होकर पलट गई। ग्रामीणों ने दो कार सवारों को पकड़ कर पुलिस के हवाले किया है।
जागूपुर निवासी जयपाल सिंह सेंगर की पुत्री प्रांशी (13) सोमवार सुबह 10:30 बजे के छोटे भाई कुलदीप (6) के साथ खेत पर काम करने वाले लोगों को खाना देने जा रही थी। रामगढ़ रोड पर पुर्वा पट्टी के पास सड़क पार करते समय कार ने प्रांशी को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह गंभीर रुप से घायल हो गई। उसका भाई बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोग प्रांशी को सीएचसी ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद भाग रही कार कुछ दूर पर बेकाबू होकर पलट गई। ग्रामीणों ने कार से दो लोगों को बाहर निकाल पुलिस के सुपुर्द किया। पुुलिस कार को कब्जे में लेकर पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है। कार सवार रामपुर-बामपुर जा रहे थे। कोतवाली प्रभारी जीवाराम ने बताया कि दो लोग हिरासत में है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रांशी की मौत के बाद मां क्षमा व पिता जयपाल का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पिता ने बताया कि भाइयों व बहनों में प्रांशी सबसे बड़ी थी। सुबह जिद कर वह खेत पर काम कर रहे मजदूरों को खाना देने गई थी। प्रांशी नगला मोहन स्कूल में कक्षा सात में पढ़ती थी।
रामगढ़-बिधूना मार्ग पर सुबह के समय ट्रैफिक ज्यादा रहता है। अक्सर तेज वाहन तेज रफ्तार में चलते है। सड़क किनारे आबादी भी है। अक्सर लोग सड़क पार करने में दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। सोमवार को प्रांशी की मौत के बाद लोगों ने आक्रोश जताया और स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की।