दिबियापुर। फफूंद के प्लेटफॉर्म पर खड़ी मालगाड़ी के सामने शराब के नशे में लेटने वाले सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं।
जीआरपी का हेड कांस्टेबल हरीश चंद्र शनिवार को शराब के नशे में लेट गया था। सिपाहियों ने हरीश को ट्रैक से हटाया गया। इसमें 15 मिनट लग गए थे। इस बीच पीछे के सिग्नल पर एक अन्य यात्री ट्रेन आकर खड़ी हो चुकी थी। सिपाही का चिकित्सकीय परीक्षण दिबियापुर सीएचसी में कराया गया। वह स्वास्थ्य कर्मियों और मरीज के तीमारदारों से वह भिड़ गया था।
जीआरपी के सीओ स्वदेश कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के जन संपर्क अधिकारी अमित सिंह के अनुसार अभी उन्हें घटना क्रम के बारे में जानकारी नहीं है। ट्रेनों का संचालन बाधित हुआ है तो रेलवे संबंधित विभाग जीआरपी को लिखा पढ़ी करेगा।
फिरोजाबाद से जनवरी माह में स्थानांतरित होकर आया हेड कांस्टेबल हरीश चंद्र कई बार शराब के नशे में हंगामा कर चुका है। बताते हैं कि 10 माह में हरीश चंद्र बिना बताए दो सौ दिन अवकाश पर रहा। इसके एवज में हरीश चंद्र का वेतन भी काटा गया था। शनिवार की रात में हरीश चंद्र की रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी थी। वह ड्यूटी पर नहीं पहुंचा था।