अछल्दा। नेविलगंज निवासी भाजपा कार्यकर्ता अभिषेक पोरवाल के खिलाफ दर्ज मुकदमे व मंडल अध्यक्ष के साथ हुई अभद्रता में भाजपा जिलाध्यक्ष ने अछल्दा पहुंचकर जानकारी ली। वहीं, एसपी ने चौकी प्रभारी को हटाने के साथ पूरे मामले की जांच कराने की बात कही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीराम मिश्रा शनिवार को अभिषेक के घर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने एसपी चारू निगम से फोन पर वार्ता कर मामले की जानकारी दी। कार्यकर्ताओं का कहना है कि थानाध्यक्ष को भी हटाया जाए। क्षेत्राधिकारी बिधूना महेंद्र प्रताप सिंह ने भी जांच-पड़ताल की। मामला बढ़ता देख एसपी ने कस्बा इंचार्ज उदय प्रकाश को लाइन भेज दिया है।
23 अक्तूूबर को भाजपा कार्यकर्ता अपने घर के बाहर चारपाई पर दीपावली के पर्व का सामान बेच रहा था। उसी के साथ वह पिछले वर्ष की बची आतिशबाजी भी बेच रहा था। वहां पहुंचे दरोगा उदय प्रकाश व अन्य पुलिस कर्मी भाजपा कार्यकर्ता के साथ ही उसके पिता दिलीप पोरवाल को थाने उठा लाए थे।
जानकारी पर भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सेंगर सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता थाना में पहुंचे तो उनसे भी अभद्रता की गई थी। बाद में पिता व पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जिलाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह गौर, महेशचंद्र कौशल, प्रतिभा पोरवाल अमर सिंह भदौरिया, हर्ष विक्रम सिंह, प्रशांत शुक्ला, हरीश दुबे मौजूद रहे।