फफूंद (औरैया)। कमारा गांव में रविवार की रात एक घर में नकब लगाकर चोर नगदी व जेवर समेत लगभग ढाई लाख का सामान उठा ले गए। गृह स्वामी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने अभी चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
कमारा निवासी शांति देवी पत्नी अंगद कोरी ने बताया कि रविवार की रात वह घर पर अकेली थी। रात में किसी समय चोर घर की दीवार में नकब लगाकर घुसे और बक्से का ताला तोड़कर लगभग पौने दो लाख रुपये नगद व 75 हजार रुपये कीमत के जेवर उठा ले गए।
शांति ने पुलिस को बताया कि रात में किसी के होने की आहट मिली तो वह जाग गई। जैसे ही वह उठी तभी एक युवक उसे भागते हुए दिखाई दिया। कमरे में जाकर देखा तो नकदी और जेवर गायब थे, दीवार में नकब लगी हुई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी करा कर कार्रवाई की जाएगी।